न्यूज़ पेपर कटिंग

Tuesday, 27 September 2016

27-09-2016

//कार्यालय जिला पंचायत जबलपुर//
शिविरों के माध्यम से करें समस्याओं का निराकरण
सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिये निर्देश
जबलपुर 27 सितम्बर 2016। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना रीडिंग के अधिक बिल आने, गांव में पर्याप्त मात्रा में विद्युत उपलब्ध नहीं होने, ट्रांसफार्मर खराब होने या विद्युत विभाग से संबंधित अन्य समस्याओं के निराकरण कराने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन कर समस्याओं का निराकरण किया जाये। एवरेज बिल की जगह मीटर की रीडिंग लेकर मीटर वाचक के माध्यम से बिलों का वितरण किया जाये। उक्त निर्देश जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमति मनोरमा पटेल ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में दिये। 
उन्होने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को निर्देशित करते हुए कहा कि शालाओं में विषयवार शिक्षकों को पदस्थ किया जाये, जन शिक्षकों द्वारा माह में किये गये शालाओं के भ्रमण का प्रतिवेदन लिया जाये।
उन्होने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शालाओं के शौचालयों की साफ सफाई, शालाओं में प्राप्त होने वाली आकस्मिक निधि से कराई जाये, जिन शालाओं में शौचालय टूटे फूटे है उनकी मरम्मत कराकर छात्र-छात्राओं के उपयोग योग्य बनाया जाये। निरीक्षण के दौरान यदि शाला के शौचालय में ताला लगा पाया जाता है तो संबंधित शिक्षक पर त्वरित कडी से कडी कार्यवाही की जावेगी। शालाओं में स्कूल का समय सुबह 10.30 बजे से 4.30 बजे तक कलर पेंट से अंकित किया जाये। 
श्रीमति पटेल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य एवं उपस्वास्थ्य केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में दवाईयां उपलब्ध कराई जाये। 
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमति हर्षिका सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को निर्देशित करते हुए कहा कि शालाओं में छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाये इसके लिए जिला स्तर पर शिक्षकों को एक जिला स्तर पर कार्यशाला का आयोजन किया जाये, जिसमें शालााओं में शिक्षा की गुणवत्ता के मानक तय किये जाये और आने वाले समय में उन्ही मानकों पर शिक्षकों से समीक्षा की जावेगी। 
श्रीमति सिंह ने आदिवासी विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले के सभी आदिवासी छात्रावासों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए शिविरों का आयोजन किया जाये, शिविरों में छात्र-छात्राओं का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया जाये। बैठक में जिला पंचायत के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों को जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में प्रत्येक ग्राम पंचायतों में नोटिस बोर्ड लगाये जा रहे जिनमें शासन के महत्वपूर्ण निर्देशों को प्रदर्शित किया जावेगा। इसके साथ साथ सचिव से कम्प्यूटर संबधित कार्य भी कराये जायेगें ताकि ग्राम रोजगार सहायक से मनरेगा के कार्य कराये जा सके। 
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति मनोरमा पटेल की अध्यक्षता में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना द्वितीय का तैयार किया गया डीपीआर का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। 
बैठक में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मांगी लाल मरावी, सदस्यों में नन्हे लाल धुर्वे, रामकृष्ण पटेल, उमाशंकर तिवारी, शारदा यादव, श्वेता सिंह, विजयकांति पटेल, जमुना मरावी, उर्मिला दाहिया, तारा परस्ते, छोटी कुंजाम, अर्पणा सिंह, जनपद पंचायत जबलपुर के अध्यक्ष संजय पटेल, कुण्डम की अध्यक्ष आराधना महोबिया एवं अधिकारियों में जिला पंचायत के अति. मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीप्रकाश चतुर्वेदी,    ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यत्री जीपी कोरी, पीएमजीएसवाॅय के महाप्रबंधक बीके सक्सेना,  जिला शिक्षा अधिकारी सतीष अग्रवाल, डीपीसी आरसी चतुर्वेदी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के   कार्यपालन यंत्री शरद सिंह, आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त ज्योति जैन सहित  अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। 




स्वच्छता पखवाडे में होगें विभिन्न कार्यक्रम 
जबलपुर 27 सितम्बर 2016। स्वच्छ भारत अभियान के तहत 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता पखवाडे का आयोजन किया जावेगा। स्वच्छता पखवाडे में जिला, जनपद एवं ग्राम पचायत स्तर से स्वच्छता के संबंध में केम्पिंग, स्वच्छता रैली, कैण्डल मार्च, अपने अपने परिसरों की साफ सफाई, ग्राम पंचायत स्तर से स्कूलों में स्वच्छता की जानकारी, कविताओं का आयोजन, खुले में शौच मुक्त होने ग्राम एवं ग्राम पंचायतों में  सामूहिक शपथ समारोह के कार्यक्रम किये जायेगें। 
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमति हर्षिका सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं महिला बाल विकास, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों निर्देशित करते हुए 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चरणबद्ध तिथियों में कार्यक्रम करने के निर्देश दिये है। 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों में 1 अक्टूबर को पंचायतों में दादा दादी, पोता पोती संगोष्ठी का आयोजन किया जाये। जिसमें शौचालय का प्रयोग एवं स्वच्छता के संबंध में चैपाल में चर्चा की जाये। 2 अक्टूबर को जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्र्यापण कर गांव को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए गौरव रैली का आयोजन किया जाये। 3 अक्टूबर को जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत परिसरों की सामूहिक रूप से साफ सफाई एवं शाम को कैण्डल मार्च निकाला जाये। 4 एवं 5 अक्टूबर को शालाओं में प्रातः काल प्रार्थना के समय स्वच्छता के समय बाल-बालिकाओं से चर्चा की जाये। 6 और 7 अक्टूबर को शालाओं एवं आंगनवाडियों में स्वच्छता का संदेश शालाओं की साफ सफाई एवं कविताओं का लेखन, चित्रकला का आयोजन किया जाये। 8 से 10 अक्टूबर तक महिला एवं बच्चों के द्वारा शौचालय निर्माण कराने वालों को बधाई संदेश और जिन्होने शौचालय नहीं बनाये है उनके घर जाकर उन्हें शौचालय निर्माण कराने के लिए प्रोत्साहित करना। 10 से 12 अक्टूबर तक गांवों में महिलाओं, बच्चों एवं पुरूषों को सम्मलित करते हुए स्वच्छता रैली का आयोजन किया जाये। महिला बाल विकास विभाग द्वारा पंचायत स्तर पर महिलाओं की प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया जाये। 13 से 14 अक्टूबर तक महिलाओं, बच्चों द्वारा प्रतिस्पर्धा के उपलक्ष्य में प्रमाण पत्रों का वितरण किया जाये, वृक्षारोपण एवं वृक्षों की सुरक्षा के लिए वन मित्र बनाये जाये। 15 अक्टूबर को सभी शालाओं, आंगनवाडियों एवं ग्राम पंचायतों में हाथ धुलाई का आयोजन कर महिलाओं को महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा हाथ धुलाई के संबंध में विस्तार से चर्चा की जाये। 
श्रीमति सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि स्वच्छता पखवाडे में चरणबद्ध किये जाने वाले कार्यक्रमों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर तत्काल कडी से कडी कार्यवाही की जावेगी। 

मीडिया अधिकारी जिला पंचायत जबलपुर


No comments:

Post a Comment