कार्यालय, जिला पंचायत जबलपुर
नयी हितैषी आवेदन-पत्र योजना लागू
अपने अनुसार निर्माण कार्य करवा सकेंगे पात्र परिवार
जबलपुर 14जनवरी 2016। मनरेगा के पात्र ग्रामीण परिवार हितैषी आवेदन.पत्र देकर हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। वे अब हितैषी आवेदन-पत्र ग्राम पंचायतों में देकर उनकी कृषि भूमि अथवा आवासीय परिसर में मनरेगा से कराये जाने वाले कामों की मांग कर सकते हैं। साथ ही इस कार्य में कौन कौन से जाबकार्डधारी परिवार काम कर सकते हैं उनके नामों का भी सुझाव दे सकते हैं। इस पहल से ग्रामीण परिवारों के यहाँ जरूरत की परिसंपत्तियों का निर्माण तो होगा ही ग्रामीण श्रमिकों को काम के अवसर भी मुहैया हो सकेंगे।
अपर मुख्य सचिव श्रीमती अरूणा शर्मा ने इस संबंध में जिलों के कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायतों को निर्देश जारी किये हैं। कहा गया है कि प्रदेश के 42 जिलों की 268 सूखाग्रस्त तहसील में आने वाली 225 जनपद की 16 हजार 560 ग्राम पंचायत में मनरेगा से 150 दिन का रोजगार ग्रामीण जाबकार्डधारी परिवारों को मुहैया कराया जाये। साथ ही मनरेगा के पात्र हितग्राही जैसे अनुसूचित जाति, जनजाति, बीपीएल, इंदिरा आवास से लाभांवित परिवार, भूमि सुधार के हितग्राही, वनाधिकार पट्टाधारी, लघु.सीमांत कृषक आदि ग्रामीण परिवारों को मनरेगा की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ दिया जाये।
ग्रामीण परिवार द्वारा दिये गये हितैषी आवेदन-पत्रों का पंजीयन कर आवेदक को पावती भी दी जायेगी। जिलों की ग्राम पंचायतों के सेक्टर में माह में निर्धारित दिन को होने वाले रोजगार संवाद दिवस में हितैषी आवेदन.पत्रों के बारे में जानकारी दी जायेगी जिससे वे ग्राम पंचायत में आवेदन कर सकें।
निर्देशों में मनरेगा में कृषि आधारित तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के कार्यों को प्राथमिकता देने का भी कहा गया है। हितैषी आवेदन पत्रों को भू-धारक ग्रामीण कृषक परिवारों को भी उपलब्ध कराया जायेगा ताकि वे निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकें। हितैषी आवेदन पत्र का प्रारूप मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद की वेबसाईट www.nregs-mp.org ji पर भी उपलब्ध है।
हितैषी् में प्राप्त होने वाले आवेदनों पर ग्राम सभा द्वारा लेबर बजट और सबसे पात्र हितग्राही की पुष्टि के बाद कार्य करवाये जायेंगे।
मनरेगा से ग्रामीण परिवार ये कार्य करा सकेंगे-1.कपिलधारा कूप-खेत तालाब-लघु तालाब-स्टापडेम 2.नंदन फलोद्यान 3.नर्सरी निर्माण 4.रेशम उत्पादन हेतु शहतूत वृक्षारोपण 5. भूमि-सुधार मेढ बंधान 6. मीनाक्षी तालाब 7.सिंचाई के लिये वाटर कोर्सेंस, फील्ड चैनल निर्माण 8. निकटतम तालाब से गाद की ढुलाई, बंजर भूमि विकास 9. जल भराव क्षेत्र में निकास मार्ग निर्माण 10.नाडेप टांका वर्मी कम्पोस्ट 11. बायोगैस 12. पशु शेड-संजीवक गड्ढे तरल जैव खाद, 13. शौचालय 14. सोकपिट निर्माण 15. रिचार्ज पिट 16. इंदिरा आवास 17. मुख्यमंत्री आवास 18. मुख्यमंत्री अंत्योदय आवास के कार्य शामिल है।
सामान्य सभा की बैठक आज
जबलपुर 14 जनवरी 2016। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आज 15 जनवरी शुक्रवार कोे दोपहर 12ः30 से जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई है।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नेहा मारव्या ने बताया कि 15 जनवरी को आयोजित होने वाली सामान्य सभा की बैैठक में विगत बैठक का पालन प्रतिवेदन पर चर्चा के साथ-साथ वन विभाग के तहत संचालित समस्त योजनाओं की समीक्षा,महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा एवं समग्र स्वच्छता अभियान के तहत जनपद वार बनाये जा रहे शौचालय निर्माण की समीक्षा की जाएगी।
उन्होने बताया कि समान्य सभा की बैठक जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।
मीडिया अधिकारी जिला पंचायत जबलपुर
No comments:
Post a Comment