न्यूज़ पेपर कटिंग

Tuesday, 21 October 2014

15-10-2014

कार्यालय जिला पंचायत जबलपुर
स्वच्छता का संदेश देने हाथ धुलाई दिवस में
जिले के 40 हजार बच्चों ने की शिरकत
मुख्य कार्यक्रम सालीवाडा गौर शाला में

    जबलपुर 15 अक्टूबर- 2014। विश्व हाथ धुलाई दिवस पर गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में मध्यप्रदेश के नाम नया विश्व रिकार्ड दर्ज कराने के संकल्प को पूरा करने में आज जबलपुर जिले के 40 हजार स्कूली बच्चों ने अलग.अलग स्थानों पर एक साथ हाथ धुलाई के कार्यक्रमों में शिरकत कर अपनी भागीदारी निभाई। हाथ धुलाई के कार्यक्रम जिले की 377 शालाओं में आयोजित किये गये थे। इन शालाओं को इस कार्यक्रम के लिए खासतौर पर चिन्हित किया गया था। इनके अलावा भी जिले के अन्य शालाओं के हाथ धुलाई के कार्यक्रम आयोजित किये गये।
       हाथ धुलाई का विश्व रिकार्ड बनाने के लिए आयोजित इन कार्यक्रमों के दस्तावेजीकरण के भी इंतजाम किये गये थे। इसके लिए इनकी वीडियो रिकार्डिंग कराई गई और हाथ धुलाई में शामिल बच्चों का पंजीयन भी किया गया। गवाह के रूप में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को भी इन कार्यक्रमों में आमंत्रित किया गया था ।  स्वतंत्र प्रेक्षक के रूप में एमण्पीण् वाश नाम की संस्था के प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। जिला पंचायत, शिक्षा विभाग, जनपद पंचायतों के अधिकारियों को भी हाथ धुलाई के कार्यक्रमों की मानीटरिंग के लिए तैनात किया गया था ।
       विश्व हाथ धुलाई दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिले के जबलपुर विकासखण्ड के सालीवाडा गौर स्थित शासकीय शाला में जिला पंचायत अध्यक्ष भारत सिंह यादव, विधायक अशोक रोहाणी, कलेक्टर शिवनारायण रूपला, जबलपुर कृषि उपज मण्डी समिति के अध्यक्ष राजा बाबू सोनकर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नेहा मारव्या की मौजूदगी में आयोजित किया गया था। हाथ धुलाई के इस कार्यक्रम में सालीवाडा गौर शाला के करीब 350 छात्र.छात्राओं ने शिरकत की ।
       स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत स्वच्छता का संदेश देने के लिए पूर्वान्ह 11 बजे से 12 बजे तक आयोजित एक घंटे के इस कार्यक्रम की शुरूआत कलेक्टर शिवनारायण रूपला ने शाला की छात्रा के हाथ धुलवाकर की। बाद में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष भारत सिंह यादव, विधायक अशोक रोहाणी और मण्डी समिति के अध्यक्ष राजा बाबू सोनकर ने भी बच्चों के हाथ साबुन से धुलवाये। हाथ धुलाई के इस कार्यक्रम के दौरान गवाह के रूप में सरपंच बंटी राय सहित क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि और गिनीज बुक की ओर से प्रेक्षक के तौर पर एम.पी. वाश नाम की स्वतंत्र एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
जिला पंचायत अध्यक्ष भारत सिंह यादव ने अपने संबोधन में हाथ धुलाई कार्यक्रम को समाज में स्वच्छता की अलख जगाने का अच्छा माध्यम बताया। उन्होंने कार्यक्रम में शिरकत करने वाले सभी बच्चों सेे परिवार के सभी सदस्यों तथा आस-पडोस के लोगों तक व्यक्तिगत स्वच्छता का संदेश पहुंचाने का आग्रह किया।                                                                 
कलेक्टर शिवनारायण रूपला ने बच्चों को संबोधित करते हुए स्वच्छता का महत्व बताया। उन्होंने बच्चों से हाथों की स्वच्छता पर सबसे ज्यादा ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि हाथों के माध्यम से ही गंदगी शरीर में पहुंचती है और बीमारी का कारण बनती हैं। श्री रूपला ने बच्चों को हाथों की धुलाई को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की और हाथ धोकर ही भोजन करने की सलाह दी। उन्होंने हाथ धुलाई के इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला पंचायत, स्कूल शिक्षा विभाग और शाला के शिक्षकों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
       विधायक अशोक रोहाणी ने अपने संबोधन में बच्चों से हाथ धुलाई का संदेश घर.घर तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कार्यक्रम को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में अच्छा कदम बताया। जबलपुर कृषि उपज मण्डी समिति के अध्यक्ष राजा बाबू सोनकर एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नेहा मारव्या ने भी हाथ धुलाई दिवस के कार्यक्रम को संबोधित किया और बच्चों से अनुरोध किया कि व्यक्तिगत स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार के सदस्यों एवं पड़ोस के लोगों तक पहुंचायें ।
विशेष भोज का आयोजन- हाथ धुलाई दिवस के इस कार्यक्रम के बाद सालीवाडा गौर स्कूल के बच्चों को मध्यान्ह भोजन के तहत विशेष भोज दिया गया। कार्यक्रम में शिरकत करने वाले बच्चों को विशेष भोज में खीर.पुरी परोसी गई। सालीवाडा गौर शाला की तरह हाथ धुलाई कार्यक्रम के लिए चयनित सभी 377 शालाओं के बच्चों के लिए भी विशेष भोज का आयोजन किया गया था । 

ग्राम पंचायत के वार्डों एवं सरपंच पद का आरक्षण अब 27 को
28 को होगा जनपद अध्यक्ष तथा जनपद एवं
जिला पंचायत के निर्वाचन क्षेत्र का आरक्षण
जबलपुर, 15 अक्टूबर, 2014। कलेक्टर शिवनारायण रुपला ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायतों के आम चुनाव के मद्देनजर जिले की ग्राम पंचायतों के वार्डों एवं सरपंच पद के आरक्षण की कार्रवाई अब सोमवार 27 अक्टूबर को और जनपद अध्यक्ष के पदों तथा जनपद एवं जिला पंचायत के निर्वाचन क्षेत्र के आरक्षण की कार्रवाई मंगलवार 28 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय में प्रातः 11 बजे से होगी। 
उन्होंने बताया कि पहले इन पदों के आरक्षण की कार्रवाई के लिए क्रमशः 21 अक्टूबर एवं 24 अक्टूबर का दिन तय किया गया था। मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा जारी संशोधित सूचना के अनुसार जिला पंचायत अध्यक्ष पद के आरक्षण की कार्रवाई राज्य स्तर पर सोमवार 10 नवंबर को की जायेगी ।
मीडिया अधिकारी
जिला पंचायत जबलपुर


No comments:

Post a Comment