न्यूज़ पेपर कटिंग

Wednesday, 10 December 2014

10-12-2014

कार्यालय जिला पंचायत जबलपुर
//समाचार//
शालाओं में तीन दिन में पदस्थ करें शिक्षकः अध्यक्ष जिला पंचायत 
सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में दिये निर्देश
जबलपुर 10 दिसम्बर 2014। शासकीय प्राथमिक शाला पडरिया एवं परासिया में बिना शिक्षकों के छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। वहां इन शालाओं में तीन दिन में शिक्षकों को पदस्थ किया जाये। जिन ग्राम पंचायतों में सरपंचों ने बिना निर्माण कार्य किये राशि का आहरण कर लिया हैं ऐसे सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों को चुनाव लड़ने से वंचित करने की कार्यवाही की जाये। जिन ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य किये जा रहे हैं। उन्हें एक सप्ताह में अनिवार्य रूप से पूर्ण किये जाये। उक्त निर्देश जिला पंचायत के अध्यक्ष भारत सिंह यादव ने आज जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में दिये। 
बैठक में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष खिलाड़ी सिंह आर्मो सदस्यों में छोटे राव, सुनीता दाहिया, प्रभा सोनी, रत्नेश पटेल, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीप्रकाश चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी मनरेगा जे.एस.तेकाम, भूपेन्द मेहरा, सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त संचालक राजश्री राय, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री जी.पी. कोरी, वीरेन्द्र कुमार वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एस.एस. ठाकुर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहें। 
उन्होने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत ग्राम पंचायतों में जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं उन कार्यो का स्थानीय जनप्रतिनिधियों से तत्काल लोकार्पण कराया जाये। श्री यादव ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत शालाओं में बनाये जा रहे अतिरिक्त कक्षों को एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश दिये। 
शौचालयों की बढ़ी राशि - सर्व शिक्षा अभियान के सहायक यंत्री ओ.पी. सिंह ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि जिले की शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल  में बनाये जाने वाले छात्र-छात्रओं के लिए शौचालयों की राशि में इजाफा किया गया हैं। अभी तक जिन शालाओं मेें शौचालय नही बनाये गये हैं उन शालाओं में एक ही रूप रेखा के शौचालयों का निर्माण किया जावेगा। 
उन्होने बताया कि प्राथमिक शाला में 1 लाख 40 हजार रूपयें, माध्यमिक शाला 1 लाख 65 हजार रूपयें, हाई स्कूल में 4 लाख 5 हजार रूपयें और हायर सेकेण्डरी में 4 लाख 80 हजार रूपयें की राशि शौचालयों का निर्माण किया जावेगा। जिले की शालाओं में अब 50 शौचालय सांसद निधि से एवं 10-10 शौचालय प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में विधायक निधि से भी बनाये जायेगें। 
जनपद पंचायत पाटन के उपयंत्री के कार्यो की करें जांच- जिला पंचायत के सदस्य छोटे राव ने जनपद पंचायत पाटन में पदस्थ उपयंत्री नितिन श्रीवास्तव एवं अश्वनी तिवारी के द्वारा ग्रामप पंचायतों में किये जा रहे कार्यो का समय पर मूल्यांकन एवं कार्यो को पूर्ण नही किया जा रहा हैं जिससे ग्राम पंचायतों में अधिकांश निर्माण कार्य अधूरे हैं। इन उपयंत्रियों के द्वारा किये जा रहे कार्यो की जिला स्तर से समिति बनाकर जांच की जाये एवं दोषी पाये जाने पर कार्यवाही की जाये। 
बैठक में सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त संचालक राजश्री राय ने सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी एवं अंत्येष्ठी सहायता योजना की जानकारी ग्राम पंचायत के दीवारों पर अंकित कराने के निर्देश दिये। 

   मीडिया अधिकारी
जिला पंचायत जबलपुर  

No comments:

Post a Comment